ब्रेकिंग न्यूज

कांवड़ यात्रा पर सीएम योगी का सख्त संदेश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में कांवड़ यात्रा तथा आगामी पर्व एवं त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा के लिए शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और जनसुविधाओं से जुड़े सभी प्रबंध समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने, खाद्य पदार्थों में मिलावट, ओवररेटिंग, अव्यवस्था अथवा अराजकता फैलाने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए।सीएम योगी ने कहा कि जिला प्रशासन अपने-अपने जनपदों के कांवड़ संघों के साथ लगातार संवाद बनाए रखे। कांवड़ शिविर संचालकों का सत्यापन समय से पूरा किया जाए तथा सभी तैयारियों की अग्रिम समीक्षा कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कांवड़ की निर्धारित ऊंचाई के मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। इसके लिए हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तराखंड के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस एवं मदिरा की दुकानें पूरी तरह बंद रखी जाएं। संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करें। साथ ही प्रत्येक दुकान पर संचालक का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होना चाहिए। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप ही किया जाए।मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाए।सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक एवं फर्जी सूचनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अफवाहों का तुरंत खंडन किया जाए और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा और आगामी सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। सभी विभाग पूरी सजगता, संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

कोई टिप्पणी नहीं