ब्रेकिंग न्यूज

यूपी-मानसून सत्र में सरकार की बड़ी तैयारी, विपक्ष भी करेगा तीखा हमला


लखनऊ यूपी विधानमंडल के मानसून (तृतीय) सत्र को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, विधानसभा का तृतीय सत्र 3 अगस्त को प्रातः 11 बजे से शुरू होगा। इससे पहले राज्य मंत्रिमंडल ने विधानमंडल का सत्र आहूत किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की थी।सरकार इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधायी और वित्तीय कार्यों को पूरा करने की तैयारी में है। सबसे अहम रूप से अनुपूरक बजट सदन में पेश किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों की अतिरिक्त वित्तीय आवश्यकताओं के लिए धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। इसके अलावा संभल हिंसा की न्यायिक जांच रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएगी। सरकार कुछ प्रतिस्थानी विधेयक भी सदन में पेश करेगी, जिन पर चर्चा और पारित कराने की योजना है।सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी के विधायक आलम बदी के निधन पर शोक व्यक्त किया जाएगा। सदन में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कार्यवाही 4 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी।वहीं, विपक्ष भी मानसून सत्र में सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन, राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी, कानून-व्यवस्था, महंगाई और जनहित से जुड़े अन्य विषयों पर विपक्ष सरकार से जवाब मांग सकता है। ऐसे में मानसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले होने वाला यह मानसून सत्र राजनीतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण रहेगा। सरकार जहां अपनी उपलब्धियों और विकास कार्यों को सामने रखेगी।वहीं विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति अपनाएगा। ऐसे में यह सत्र प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं