राज्य महिला आयोग की सदस्या ने किया सुलतानपुर दौरा, आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण, महिला जनसुनवाई और कन्या जन्मोत्सव में हुईं शामिल
सुलतानपुर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या नीलम प्रभात ने शनिवार को जनपद का दौरा कर महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने सबसे पहले सौरमऊ देहात स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया और वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका से केंद्र की व्यवस्थाओं, पोषण, बच्चों की उपस्थिति तथा अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। केंद्र पर कुल 29 बच्चों का पंजीकरण पाया गया, जिनमें से 19 बच्चे उपस्थित मिले। इस दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं सुपरवाइजर भी मौजूद रहे। सदस्या ने बच्चों के पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।इसके बाद विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में नीलम प्रभात की अध्यक्षता में महिला जनसुनवाई आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के उत्पीड़न की रोकथाम तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना था। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपनी समस्याएं आयोग के समक्ष रखीं। सुनवाई के बाद संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर प्रगति की जानकारी भी ली गई।कार्यक्रम के दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्या ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचना चाहिए।दौरे के अंतिम चरण में नीलम प्रभात जिला महिला चिकित्सालय, स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचीं।जहां नवजात बालिकाओं के जन्म पर आयोजित कन्या जन्मोत्सव में शामिल हुईं। उन्होंने नवजात बालिकाओं के परिजनों के साथ केक काटकर खुशी साझा की तथा बेबी किट, कपड़े और बेबी तौलिया भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। परिवारों को बेटियों को समान अवसर और उच्च शिक्षा उपलब्ध करानी चाहिए ताकि वे भी जीवन में ऊंचे मुकाम हासिल कर सकें। उन्होंने कन्या जन्मोत्सव जैसी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज में बेटियों के जन्म के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी और लोगों की मानसिकता में बदलाव आएगा।जिला महिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. आर.के. यादव ने सभी परिजनों को कन्या जन्म की शुभकामनाएं देते हुए नवजात शिशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की, ताकि बच्चे विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रह सकें।इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी रघवेन्द्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी, नायब तहसीलदार धर्मेन्द्र सिंह यादव, महिला थाना निरीक्षक हंसमती, डॉ. आरिफ मोहम्मद खान, जिला मिशन समन्वयक रेखा गुप्ता, संरक्षण अधिकारी रूपाली सिंह, नीलम वर्मा, संतोष पाल, सरोज यादव, जेंडर स्पेशलिस्ट, दीपमाला सिंह, खुशबू दूबे, राहुल विश्वकर्मा, संदीप सिंह, विजय बहादुर, विपिन कुमार कश्यप सहित जिला महिला चिकित्सालय के चिकित्सक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं