सीएम योगी के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, डीएम-एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने ड्यूटी में लगाए गए समस्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, वीआईपी प्रोटोकॉल का पालन, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता तथा आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी कर्मियों को समयबद्ध, अनुशासित एवं पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए हर समय तैयार रहने को कहा गया।जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा भी की गई तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनके दायित्वों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर पुलिस अधीक्षक सहित जनपद के समस्त संबंधित अधिकारी तथा ड्यूटी के लिए बाहरी जनपदों से आए राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं