हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: 52 पुरुष, 10 महिलाएं गिरफ्तार
नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र के सांवल्दे स्थित एक्रोन रिजॉर्ट में शनिवार देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार, अवैध शराब पार्टी और अश्लील गतिविधियों का भंडाफोड़ किया। संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने 52 पुरुषों और एक नाबालिग सहित 10 महिलाओं को हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद रिजॉर्ट के महाप्रबंधक (जीएम) लखेंद्र चौधरी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने रिजॉर्ट को सील कर दिया है।पुलिस ने 52 आरोपियों के साथ रिजॉर्ट के जीएम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के मुल्तान नगर निवासी उमेंद्र है। उसके साथ मेरठ के करीम नगर निवासी मेहराजुद्दीन भी पार्टी में शामिल था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।जांच में सामने आया है कि उमेंद्र का मेरठ, बुलंदशहर समेत अन्य स्थानों पर कीटनाशक और कृषि उपकरणों का कारोबार है। उसने पूछताछ में बताया कि बुलंदशहर के सिकंदराबाद में उसकी कृषि उपकरण बनाने वाली कंपनी भी है और कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए इस पार्टी का आयोजन किया गया था।पुलिस के मुताबिक उमेंद्र ने करीब दस दिन पहले रामनगर पहुंचकर एक्रोन रिजॉर्ट में ऑनलाइन बुकिंग कराई थी और 2.20 लाख रुपये अग्रिम जमा किए थे। उसने रिजॉर्ट के जीएम लखेंद्र चौधरी से शराब, युवतियों और अन्य "विशेष सेवाओं" की व्यवस्था करने को कहा था।जांच में यह भी सामने आया कि युवतियों की व्यवस्था कंपनी के कर्मचारी राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी के माध्यम से की गई थी। प्रत्येक युवती के लिए 10 हजार रुपये तय किए गए थे। पुलिस का दावा है कि पार्टी में शामिल होने के लिए कई राज्यों के अलावा विदेश से भी महिलाओं को बुलाया गया था।शुक्रवार देर रात मिली सूचना के आधार पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने रिजॉर्ट पर छापा मारा।छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि यूपी और दिल्ली से आए लोगों के साथ बाहरी राज्यों और विदेश से आई महिलाएं शराब पार्टी में शामिल थीं। मौके पर डांस हो रहा था, महिलाओं पर नोट उड़ाए जा रहे थे और अश्लील गतिविधियां चल रही थीं। पुलिस के अनुसार इनमें एक नाबालिग किशोरी भी शामिल थी।पुलिस ने जब रिजॉर्ट के एंट्री रजिस्टर की जांच की तो पाया कि किसी भी मेहमान का रिकॉर्ड दर्ज नहीं किया गया था। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए प्रशासन ने रिजॉर्ट को सील कर दिया।एसएसपी नैनीताल ने बताया कि 52 आरोपियों सहित रिजॉर्ट के जीएम के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार जीएम की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस कथित देह व्यापार के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।

कोई टिप्पणी नहीं