विधान भवन रक्षक और अग्निशमन रक्षक के पदों पर भर्ती, PET-2025 स्कोर जरूरी
लखनऊ उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने सचिवालय प्रशासन विभाग के अंतर्गत विधान भवन रक्षक और अग्निशमन रक्षक के कुल 170 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।भर्ती के तहत विधान भवन रक्षक के 120 पद तथा अग्निशमन रक्षक के 50 पद भरे जाएंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन पदों के लिए केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। जिन्होंने PET-2025 में भाग लिया हो और उनके पास वैध स्कोर कार्ड उपलब्ध हो।आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को लॉगिन के लिए PET-2025 का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।शैक्षिक योग्यता के रूप में अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण होना अथवा सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त समकक्ष योग्यता होना आवश्यक है।आयु सीमा की बात करें तो सामान्य (UR) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश के अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित सभी पात्रता शर्तों और दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर लें। आवेदन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किए जा सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं