वामा सारथी के तत्वावधान में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित
सुल्तानपुर शनिवार को वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद के पुलिस कर्मियों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारु निगम उपस्थित रहीं।समारोह में विभिन्न शैक्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस परिवारों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना रहा।इंटरमीडिएट परीक्षा में निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार मिश्रा की पुत्री कु. सृष्टि मिश्रा ने 92.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं निरीक्षक धीरज सिंह की पुत्री ने 92.25 प्रतिशत अंक अर्जित कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। हाईस्कूल परीक्षा में आरक्षी चालक महेन्द्र कुमार पटेल के पुत्र अंश सिंह ने 96.08 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और समारोह में विशेष सम्मान प्राप्त किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा सफलता की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर जीवन के उच्चतम लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस कर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लगातार व्यस्त रहते हैं। ऐसे में उनके बच्चों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करना पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके अभिभावकों को बधाई दी।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने सम्मानित छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर प्रगति और सफलता के लिए प्रेरित किया। समारोह का वातावरण उत्साह, प्रेरणा और गौरव से परिपूर्ण रहा तथा सभी प्रतिभागियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की।


कोई टिप्पणी नहीं