ब्रेकिंग न्यूज

तहसील जयसिंहपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन


सुल्तानपुर शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में माह जून के तृतीय शनिवार को तहसील जयसिंहपुर सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम व मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुना  तथा सम्बन्धित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए । 

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जनसुनवाई प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से विशेष व्यवस्था लागू की गई। प्रत्येक शिकायतकर्ता को पहले संबंधित विभागीय अधिकारी के पास भेजा गया, जहां अधिकारी द्वारा शिकायत पत्र पर समस्या के समाधान एवं आवश्यक कार्यवाही के संबंध में अपनी टिप्पणी अंकित की गई। तत्पश्चात शिकायतकर्ता सम्बन्धित  अधिकारी के साथ जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक  के समक्ष उपस्थित होकर प्रकरण की वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए समाधान की प्रगति प्रस्तुत कर रहे थे।  सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 319 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए निर्धारित समयावधि में प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। 

सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधरोपण भी किया । इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।इसी प्रकार जनपद की अन्य सभी तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन कर आमजन की शिकायतें सुनी गईं तथा उनके निस्तारण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई तथा अधिकारियों को निर्देशित किया  कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, जिससे जनता का प्रशासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

कोई टिप्पणी नहीं