सवा लाख का इनामी बदमाश ललन सिंह एनकाउंटर में ढेर, साथी फरार
लखनऊ UP STF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सवा लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन को मुठभेड़ में मार गिराया। यह कार्रवाई 21-22 जून 2026 की दरमियानी रात सहारनपुर के सरसावा-नकुड़ रोड पर हुई, जहां UP STF और बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, एडिशनल एसपी के नेतृत्व में UP STF टीम को ललन सिंह की मौजूदगी की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर घेराबंदी की गई तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में ललन सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।घायल ललन सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा ले जाया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला ललन सिंह लंबे समय से उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उस पर वाराणसी पुलिस कमिश्नर द्वारा एक लाख रुपये तथा चंदौली के पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस तरह उस पर कुल सवा लाख रुपये का इनाम था।ललन सिंह पर लूट, हत्या, डकैती और पुलिसकर्मियों पर हमले सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में उसने एक सब इंस्पेक्टर को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूट ली थी। वहीं 1 नवंबर 2022 को चंदौली में एक युवक को गोली मारकर उसकी बाइक लूटने की घटना को अंजाम दिया था।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बिहार में भी ललन सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ दो सब इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर, एक सिक्योरिटी गार्ड समेत कुल सात लोगों की हत्या के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा बैंक और बैंक कैश वैन लूटने जैसी गंभीर घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया था।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ललन सिंह लंबे समय से वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था और उसकी तलाश की जा रही थी। एसटीएफ की इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान जारी है।


कोई टिप्पणी नहीं