ब्रेकिंग न्यूज

जिला जज, डीएम और एसपी ने किया जिला कारागार सुलतानपुर का औचक निरीक्षण


सुल्तानपुर जिला जज सुनील कुमार, जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने मंगलवार को जिला कारागार  का आकस्मिक एवं सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर, विभिन्न बैरकों तथा कारागार अस्पताल का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उच्चाधिकारियों ने महिला एवं पुरुष बंदियों की बैरकों और अस्पताल वार्डों की सघन जांच की। अधिकारियों ने मेस में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था तथा जेल परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। साथ ही बीमार बंदियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा सभी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इसके बाद जिला जज, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बंदियों को एकत्र कर उनसे क्रमवार बातचीत की तथा उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। बंदियों द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि मुलाकात (मिलाई) के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही बंदियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सतर्क बनाए रखने पर जोर दिया गया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार प्रशासन को स्वच्छता, सुरक्षा, चिकित्सा एवं बंदी कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जेल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं