कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली से जनहानि पर सीएम योगी गंभीर
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि और पशुहानि की जानकारी ली। मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।मुख्यमंत्री योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहानि और पशुहानि का तत्काल आकलन कर पीड़ित परिवारों को 24 घंटे के भीतर निर्धारित राहत राशि और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी अतिरिक्त आवश्यकता की स्थिति में शासन को तुरंत अवगत कराया जाए ताकि राहत कार्यों में कोई बाधा न आए।शनिवार को कासगंज, चंदौली, मीरजापुर और बाराबंकी जिलों में वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में लोगों तथा पशुओं की मौत और नुकसान की सूचना मिली। मामले की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी ने प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाए रखने तथा उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री योगी ने आंधी, बारिश और ओलावृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदाओं के मद्देनजर वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने और आमजन की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने पर भी जोर दिया।घायलों के संबंध में जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री योगी ने आपदा प्रभावित मंडलों के आयुक्तों, जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों का समुचित उपचार कराया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर दवाएं, चिकित्सा सुविधाएं और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।मुख्यमंत्री योगी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रदेशवासियों से भी खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान के समय लोग होर्डिंग, ग्लोसाइन बोर्ड, बिजली के खंभों और तारों के आसपास खड़े न हों। साथ ही घर के बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रभावित लोगों तक सरकारी सहायता तत्काल पहुंचाई जाए।

कोई टिप्पणी नहीं