ब्रेकिंग न्यूज

सीएम योगी की छात्रों से अपील: रोज पढ़ें अखबार, सोशल मीडिया पर कम बिताएं समय


लखनऊ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रों से नियमित रूप से समाचार-पत्र पढ़ने और सोशल मीडिया पर कम समय बिताने की अपील की है। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित केंद्र एवं राज्य स्तरीय बोर्ड परीक्षाओं में उच्च अंक प्राप्त करने वाले 1682 छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं प्रधानाचार्यों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने यह बात कही।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में नकल-विहीन परीक्षाओं की व्यवस्था स्थापित की गई है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं में लगभग 56 लाख विद्यार्थी शामिल होते हैं। इन परीक्षाओं को 14 से 15 दिनों में संपन्न कराया जाता है और अगले 14 से 15 दिनों के भीतर परिणाम भी घोषित कर दिए जाते हैं।उन्होंने छात्रों से कहा कि वे स्मार्टफोन के लिए अपने अभिभावकों पर अनावश्यक दबाव न डालें। डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़ें, अपने पाठ्यक्रम पर पूरा ध्यान दें और नियमित रूप से अखबार पढ़ें। साथ ही सोशल मीडिया पर न्यूनतम समय व्यतीत करें।मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “सा विद्या या विमुक्तये” अर्थात सच्ची विद्या वही है जो जीवन में हर प्रकार की मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करे और समाज व राष्ट्र के सामने मौजूद चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा प्रदान करे।उन्होंने छात्रों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि व्यक्ति तब असफल होता है जब वह अति आत्मविश्वास में रहता है और छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज करता है। शॉर्टकट का रास्ता कुछ दूरी तक ही मददगार हो सकता है। लेकिन लंबी सफलता के लिए सही मार्ग अपनाना आवश्यक है।मुख्यमंत्री योगी ने शिक्षा क्षेत्र में सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत प्रदेश के विद्यालयों के पुनरुद्धार के लिए 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा की गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुशासन, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच के बल पर ही जीवन में बड़ी सफलताएं हासिल की जा सकती हैं।

कोई टिप्पणी नहीं