यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 8 से 10 जून तक
लखनऊ उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। बोर्ड के अपर सचिव सत्यार्थ ने बताया कि भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।जारी कार्यक्रम के अनुसार 8 और 9 जून को प्रदेश के सभी जिलों में परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं 10 जून को परीक्षा का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा तिथि से तीन दिन पहले प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) डाउनलोड करने की व्यवस्था की है। अभ्यर्थी भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इसके साथ ही वे अपने परीक्षा केंद्र तथा परीक्षा किस जिले में आयोजित होगी।इसकी जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।अपर सचिव ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि परीक्षा केंद्रों पर ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए वे अपना आधार कार्ड अनलॉक रखें और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।गौरतलब है कि आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के 32,679 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 30 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को देखते हुए भर्ती बोर्ड ने परीक्षा के सफल और पारदर्शी संचालन के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।भर्ती बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी नवीनतम जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करने और किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं