ब्रेकिंग न्यूज

सूर्या चौहान हत्याकांड : मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर


गाजियाबाद सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को रविवार सुबह इंदिरापुरम क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया। मुठभेड़ में एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया। जबकि असद का एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।पुलिस के अनुसार हत्या के बाद से फरार चल रहे असद के खोड़ा क्षेत्र में अपने एक परिचित से पैसे लेने आने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। बताया गया कि असद अपने साथी के साथ बाइक पर वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया। लेकिन उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में असद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया। उसका उपचार चल रहा है।3 आरोपियों नवाब, फरहान, आतिफ को जेल भेजा।

मौके से पिस्टल और बाइक बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और बाइक बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

शहर छोड़ने की तैयारी में था आरोपी

सूत्रों के मुताबिक असद शहर छोड़ने की फिराक में था। इससे पहले कि वह अपने मंसूबों में सफल होता, पुलिस ने उसे घेर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय फायरिंग का रास्ता चुना।जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।

पीड़ित परिवार ने जताई प्रतिक्रिया

उधर सूर्या चौहान की मां सरोज ने आरोपी के एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके बेटे की निर्मम हत्या करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि आरोपियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें असद के शव की तस्वीर दिखाई जानी चाहिए।सरोज ने भावुक स्वर में कहा जिस तरह मेरे बेटे को मारा गया वैसे ही अपराधियों को भी उनके किए की सजा मिलनी चाहिए। मैं अभी तक अपने बेटे का चेहरा नहीं देख पाई हूं।

हत्या के बाद से थी तलाश

गौरतलब है कि बकरीद के दिन सूर्या चौहान की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी असद पर इनाम घोषित कर उसकी तलाश शुरू की थी। कई दिनों से चल रही खोजबीन के बाद रविवार को इंदिरापुरम में हुई मुठभेड़ में उसका अंत हो गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं