ब्रेकिंग न्यूज

सुल्तानपुर अन्तर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह पर बड़ी कार्रवाई,360 किलो गांजा बरामद


सुलतानपुर उत्तर प्रदेश  पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे अपराध एवं अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सुलतानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यूपी एसटीएफ  और थाना चांदा पुलिस की संयुक्त टीम ने अन्तर्राज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 360 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, दिनांक 12 जून को एसटीएफ  एवं थाना चांदा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर थाना चांदा क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा के पास कार्रवाई करते हुए अभियुक्त दीपक कुमार महतो पुत्र किशोर महतो, निवासी पिपरौन, थाना हरलाखी, जनपद मधुबनी (बिहार) को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 360 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई जा रही है बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने एक ट्रक (नंबर बीआर 09 जीबी 5529), एक मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, तीन एटीएम कार्ड तथा एक ड्राइविंग लाइसेंस भी कब्जे में लिया है।पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह लंबे समय से ट्रक चालक का कार्य करता है। इसी दौरान उसकी पहचान कुछ ऐसे व्यक्तियों से हुई, जिनके माध्यम से वह अवैध गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ गया। उसने स्वीकार किया कि बरामद गांजा उड़ीसा से लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सप्लाई किया जाना था। अभियुक्त के अनुसार, प्रत्येक खेप की ढुलाई पर उसे लगभग 50 हजार रुपये मेहनताना मिलता था।पुलिस ने बताया कि इस मामले में थाना चांदा पर अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं