30 जून से UP में मानसून की दस्तक, लखनऊ समेत 66 जिलों में बारिश
लखनऊ उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में सोमवार सुबह से आसमान पर काले घने बादल छाए रहे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है।मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून के प्रवेश के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो चुकी हैं। विभाग का अनुमान है कि 30 जून से उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो जाएगा, जबकि जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरे प्रदेश में अच्छी वर्षा होने की संभावना है।प्रदेश के पूर्वांचल, अवध और तराई क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां तेज रहने का पूर्वानुमान है। अयोध्या में सोमवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है, जबकि कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 66 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। जिन प्रमुख जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, बहराइच, बलरामपुर, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर (भदोही), जौनपुर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, सिद्धार्थनगर, अयोध्या और सीतापुर सहित कई अन्य जिले शामिल हैं।मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार, 30 जून से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी। मानसून के सक्रिय होने के बाद अधिकतम तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।हालांकि, मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि मानसून पूरी तरह सक्रिय होने से पहले प्रदेश के कुछ जिलों में गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और वज्रपात के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं