25 जून को BJP मनाएगी ‘संविधान हत्या दिवस’, प्रदेशभर में होंगे सम्मेलन, प्रदर्शनी और सम्मान कार्यक्रम
लखनऊ भारतीय जनता पार्टी 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर प्रदेशभर में सम्मेलन, सम्मान समारोह, प्रदर्शनी और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी ने इसके लिए व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के मार्गदर्शन में राजधानी लखनऊ के अलावा संगठन की दृष्टि से प्रमुख केंद्रों पर दो-दो सम्मेलन और सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल के दौरान हुए घटनाक्रम और लोकतांत्रिक अधिकारों पर पड़े प्रभाव को प्रमुखता से रखा जाएगा।भाजपा द्वारा आपातकाल के दौरान तत्कालीन सरकार की ओर से किए गए उत्पीड़न और दमनात्मक कार्रवाइयों को दर्शाने वाली प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस वर्ष प्रदर्शनी के लिए नए स्थान निर्धारित किए जाएंगे। प्रदर्शनी का प्रारूप प्रदेश कार्यालय की ओर से जिलों को भेजा जाएगा।कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी पार्टी के सोशल मीडिया विभाग को सौंपी गई है। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी सत्यपाल सिंह सैनी तथा प्रदेश मंत्री मीना चौबे को प्रदेश अभियान टोली की जिम्मेदारी दी गई है।भाजपा के सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करेंगे। जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लोकतंत्र सेनानियों को कार्यक्रम स्थलों तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।इसके अलावा साहित्यकारों, समाजसेवियों और प्रबुद्धजनों से 25 जून 1975 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा लागू किए गए आपातकाल विषय पर लेख लिखवाए जाएंगे। इन लेखों के माध्यम से नई पीढ़ी को आपातकाल के इतिहास और लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व से अवगत कराने का प्रयास किया जाएगा।भाजपा नेताओं का कहना है कि ‘संविधान हत्या दिवस’ कार्यक्रमों के माध्यम से आपातकाल के दौर की घटनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और लोकतंत्र की रक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अभियान चलाया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं