डीएम की अध्यक्षता में तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन
सुल्तानपुर शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में मई माह के तृतीय शनिवार को तहसील सदर सभागार में बदले स्वरूप के साथ सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारु निगम एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये
। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित करते हुए कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान सभी अधिकारी प्रातः 10ः14 बजे से अपराह्न 02ः14 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आम जनमानस की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजनमानस की सेवा के लिए है और प्रत्येक शिकायतकर्ता को सम्मानपूर्वक सुनना तथा उसकी समस्या का प्रभावी समाधान करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व विभाग, विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग व बिजली विभाग से संबंधित प्राप्त हो रही हैं, अतः उनका प्रभावी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि कार्य प्रणाली को पूर्णतः सिस्टमेटिक बनाया जाये तथा शिकायतों के समाधान हेतु बिजली विभाग का अलग काउण्टर भी स्थापित किया गया है। जिससे शिकायतकर्ताओं को सुविधा मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पिछले तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण की विभागवार समीक्षा की जायेगी तथा जिन मामलों में शिकायतकर्ता असंतुष्ट हैं, उनके समाधान की भी अलग से समीक्षा कर प्रभावी कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करते हुए जनसंतुष्टि के आधार पर अपनी रैंकिंग बेहतर करें तथा सभी विभागों को सीएम डैशबोर्ड रैकिंग में शीर्ष पांच में लाने का प्रयास किया जाये। जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस एवं विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक गुणवत्तापूर्ण रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा शिकायतों का वास्तविक एवं धरातलीय समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिकता न निभायी जाये, बल्कि शिकायतकर्ता पूर्ण रूप से संतुष्ट हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता आवश्यक है तथा अधिकारियों को कॉर्पाेरेट सेक्टर की कार्यशैली की तरह जिम्मेदारी एवं सेवा भाव से कार्य करना चाहिए। शिकायतकर्ताओं की सुविधा हेतु बैठने एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये गये। जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि राशन कार्ड से संबंधित शिकायतों का निस्तारण अधिकतम तीन दिवस के भीतर किया जाये। इसके अतिरिक्त सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान हेतु विभिन्न विभागों के विशेष काउण्टर स्थापित किये गये। जिलाधिकारी ने सूक्ष्म एवं लघु सिंचाई विभाग के ए.ई.एम.आई. की समस्या के त्वरित निस्तारण हेतु सराहना की । जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने बताया कि जनपद में साफ-सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता पर रखते हुए लगातार कार्य किया जा रहा है। साथ ही कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सही तरीके से पहुंच रहा है अथवा नहीं, इसकी नियमित समीक्षा की जा रही है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। विभिन्न विभागों से प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों में से अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष मामलों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी के समक्ष कुल 228 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें 25 शिकायतों का त्वरित निस्तारण जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से कराया । सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों जैसे-विद्युत विभाग, कृषि विभाग, चिकित्सा विभाग, पूर्ति विभाग, जनगणना-2027 के अन्तर्गत स्व-गणना आदि द्वारा लगाये गये मेगा कैम्प के अन्तर्गत अलग-अलग काउण्टर स्थापित किये गये थे, जहां शिकायतकर्ता अपनी समस्याओं का तत्काल समाधान प्राप्त कर सकते हैं। मेगा कैम्प में चिकित्सा विभाग के अन्तर्गत स्वास्थ्य परीक्षण हेतु आये कुल 140 व्यक्तियों के सापेक्ष 138 का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 02 को एक्स-रे हेतु जिला अस्पताल भेजा गया। इसके अतिरिक्त 04 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। विद्युत विभाग के अन्तर्गत बिजली से सम्बन्धित समस्याओं के निस्तारण हेतु लगाये गये कैम्प में कुल-67 शिकायतों के सापेक्ष-55 का मौके पर निस्तारण किया गया। कृषि विभाग द्वारा लगाये गये मेगा कैम्प में 18 लोगों की फार्मर आईडी बनाई गयी। इसी प्रकार जनगणना-2027 के अन्तर्गत लगाये गये काउण्टर पर कुल-61 व्यक्तियों की स्व-गणना करायी गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ किया जाए तथा यह भी स्पष्ट किया गया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसी प्रकार अन्य समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन कर जन शिकायतें सुनी गयी और सम्बन्धित तहसील स्तरीय अधिकारियों द्वारा निस्तारित किए गये तथा प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गयी। इस अवसर पर समस्त सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं