ब्रेकिंग न्यूज

समग्र ग्रामीण विकास पर जोर: डीएम ने लम्भुआ ब्लॉक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह व मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने विकास खण्ड लम्भुआ का निरीक्षण कर सभागार में विकास खण्ड अधिकारी नीलिमा गुप्त सहित समस्त ब्लाक स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की ।

उक्त बैठक में जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिकता वाले बिन्दुओं/सार्वजनिक शिकायतों के त्वरित निस्तारण, कार्य प्रणाली में सुधार लाने, केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनमानस को उपलब्ध कराने, समयबद्ध व कर्तव्यनिष्ठ होकर कार्य करने तथा ज्यादा से ज्यादा लोगों का कैसे कल्याण हो आदि के सम्बन्ध में विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने समग्र ग्रामीण विकास परिकल्पना की अवधारणा से सभी सम्बन्धित अधिकारियों को अवगत कराते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनता के हितों का संरक्षण एवं उन्हें शासन की सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत के विकास का ऐसा समग्र प्लान तैयार किया जाये, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग को योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने सभी सचिवों को निर्देशित किया कि प्रत्येक तीन माह में हम एक गॉव का चयन करें और उस गॉव में रहने वाले समस्त पात्र लाभार्थियों को सभी सरकारी योजनाओं से संतृप्त करें। जिलाधिकारी  ने उदाहरण स्वरूप विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि विद्यालयों में बाउण्ड्रीवाल, मिड-डे मील, डायनिंग टेबल, पुस्तकालय, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित किचन, वृक्षारोपण तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी तीन माह में विकास कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने की दिशा में कार्य किया जाये।  बैठक में महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार से जोड़ने एवं उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रभावी योजनाएं संचालित करने के निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी  ने कहा कि समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु स्थानीय स्तर पर आय के स्थायी स्रोत विकसित किये जायें। साथ ही ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया  कि वे गांवों के मानव विकास सूचकांक को बढ़ाने हेतु समग्र आवश्यक प्रयास करें। उन्होंने प्रभावी कार्यशैली अपनाने पर बल देते हुए कहा कि गांवों में सम्पर्क मार्ग, ड्रेनेज सिस्टम, अमृत सरोवर, खेल मैदान, स्ट्रीट लाइट सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जायें, ताकि ग्राम पंचायतों को शत-प्रतिशत संतृप्त गांव के रूप में विकसित किया जा सके। कृषि क्षेत्र में प्राकृतिक खेती, गुणवत्तापूर्ण बीज वितरण, मत्स्य पालन एवं अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए तहसील प्रशासन एवं संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनायी जाये तथा यदि कोई ग्राम पंचायत सचिव नवाचार करना चाहता है, तो उसे प्रोत्साहित किया जाये। जिलाधिकारी ने कुपोषित बच्चों को स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिये। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।  बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी तहसीलों एवं ग्राम पंचायतों में विवाद रजिस्टर तैयार किया जाये तथा जनपद को विवादमुक्त बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किये जायें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि लम्भुआ क्षेत्र के सभी 08 पंचायत सचिव अपनी-अपनी कार्ययोजना एवं नवाचारों की पी0पी0टी0 तैयार कर प्रस्तुत करें।युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने यूथ क्लब गठन कर खेल मैदानों को उनके सुपुर्द करने के निर्देश दिये, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा मिल सके तथा युवाओं की सहभागिता विकास कार्यों में सुनिश्चित हो सके। इसी प्रकार उन्होंने अन्य सभी क्षेत्रों में  विकास का मॉडल तैयार करने के निर्देश दिये। 

कोई टिप्पणी नहीं