डीएम की अध्यक्षता में व्यापार बन्धु की बैठक हुई सम्पन्न
सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में व्यापार बन्धु की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में जिले के व्यापारियों एवं उद्यमियों ने विभिन्न जनसमस्याओं एवं व्यापारिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया ।, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक में व्यापारियों द्वारा प्यारेपट्टी क्षेत्र में जलभराव एवं वाराणसी-लखनऊ मार्ग पर अंधेरे की समस्या उठाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण/नियत प्राधिकारी को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चौक क्षेत्र में डिवाइडर के पास अवैध रूप से दुकानें लगाए जाने तथा नमक मंडी क्षेत्र में ट्रकों के अनियंत्रित आवागमन की समस्या पर जिलाधिकारी ने अधिशाषी अधिकारी को पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त कार्ययोजना बनाकर अतिक्रमण हटाने एवं भारी वाहनों के आवागमन हेतु निर्धारित समय तय करने के निर्देश दिए। साथ ही सुपर मार्केट में तैनात सफाई कर्मियों के दूरभाष नंबर व्यापारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में महिलाओं द्वारा रोजगारपरक प्रशिक्षण की आवश्यकता व्यक्त किए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को महिलाओं को अधिकाधिक कौशल एवं रोजगार संबंधी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा विभिन्न योजनाओं में उनकी सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा रोजगार से जोड़ने हेतु अगली बैठक में डीसी एनआरएलएम, पीओ डूडा व आर-सेटी के अधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि उक्त विभागों के माध्यम से विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर महिलाओं को प्रशिक्षित किया जाये। बैठक में के०एन०आई०टी० के पास एवं कटका बाजार क्षेत्र में सड़क के गड्ढों की समस्या उठाई गई, जिस पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया । सूरापुर बाजार में अतिक्रमण तथा बगिया चौराहे की क्षतिग्रस्त आरसीसी सड़क के संबंध में अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को मौके का निरीक्षण कर सड़क को गड्ढामुक्त कराने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। नगर अध्यक्ष व्यापार मंडल आनंद पाण्डेय एवं सुंदरलाल व्यापारी कल्याण एवं सेवा समिति, सुलतानपुर द्वारा सुपर मार्केट में अतिक्रमण, दुकानों की मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाया गया। अजमत खान द्वारा जिला पंचायत के सामने स्थित अम्बेडकर मार्केट की मरम्मत की मांग रखी गई। जिलाधिकार ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को व्यापारियों तथा पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण हटाने एवं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हनुमानगंज बाजार में रोडवेज बसों के प्रवेश न करने की समस्या पर ए०आर०एम० रोडवेज, सुलतानपुर को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। सूरापुर में जाम की समस्या तथा नगर पंचायत दोस्तपुर स्थित शाही पुल की जर्जर स्थिति एवं यातायात अवरोध के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अगली बैठक में कार्ययोजना के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। उक्त बैठक में सभी सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं