ब्रेकिंग न्यूज

यूपी रोडवेज में सुधार की रफ्तार तेज, बसों की तकनीकी खामियां होंगी दूर


लखनऊ यूपी में सार्वजनिक बस सेवा को अधिक सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाने के लिए परिवहन विभाग ने व्यापक अभियान शुरू किया है। परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने प्रदेश की सभी रोडवेज बसों की तत्काल तकनीकी और भौतिक जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पूरी तरह फिट पाए जाने के बाद ही बसों को संचालन के लिए सड़क पर उतारा जाएगा।परिवहन राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी बसों की तकनीकी स्थिति की गहन जांच की जाए। जहां भी किसी प्रकार की खामी या कमी मिले, उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दूर कराया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी वाली बस को संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।विभाग ने बसों की खराब स्थिति को सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। बसों के टूटे हुए शीशे, फटी सीटें, खराब उपकरण और अन्य कमियों को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी बसें साफ-सुथरी, सुरक्षित और बेहतर हालत में यात्रियों के लिए उपलब्ध रहें।मंत्री ने कहा कि बस अड्डों पर यात्रियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गर्मी के मौसम को देखते हुए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और साफ-सुथरे शौचालयों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं। उनका कहना है कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।परिवहन विभाग ने बस स्टेशनों पर नियमित सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला किया है। अधिकारियों को परिसर में नियमित सफाई कराने तथा चूने का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।राज्य मंत्री ने चालक, परिचालक और अन्य कर्मचारियों को यात्रियों के साथ सम्मानजनक और शिष्ट व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हर यात्री को सुरक्षित और सम्मानपूर्वक उसके गंतव्य तक पहुंचाना परिवहन विभाग की जिम्मेदारी है।परिवहन विभाग सार्वजनिक बस सेवा को अधिक प्रभावी और भरोसेमंद बनाने की दिशा में काम कर रहा है। ऐसे समय में जब अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर दबाव बना हुआ है, विभाग आम लोगों को बेहतर और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की तैयारी में जुटा है।अधिकारियों को जारी निर्देशों के तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रदेश की सभी बसें बेहतर स्थिति में संचालित हों और यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ तथा आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं