ब्रेकिंग न्यूज

भीषण गर्मी को लेकर प्रशासन गंभीर, जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण की बैठक में हुई तैयारियों की समीक्षा


सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न प्रकार की सम्भावित आपदाओं विशेष रूप से बाढ़, लू, सूखा, भारी वर्षा से बचाव एवं योजना निर्माण किये जाने को दृष्टिगत रखते हुए जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) राकेश सिंह सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में जनपद में हीट वेव से बचाव, राहत एवं जनजागरूकता, बाढ़ प्रबन्धन, सूखा प्रबन्धन, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, विद्युत, श्रम, शिक्षा सहित आदि विभागों द्वारा राहत बचाव सम्बन्धी तैयारियों का पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण का अवलोकन करते हुए विस्तृत समीक्षा की गयी तथा सम्बन्धित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।   जिलाधिकारी  ने कहा कि हीट वेव को एक गंभीर आपदा के रूप में लेते हुए सभी विभाग समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं जिला चिकित्सालय में हीट स्ट्रोक, डायरिया, उल्टी, दस्त से प्रभावित मरीजों के उपचार हेतु पर्याप्त दवाओं, ओआरएस, पेयजल एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। साथ ही चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी संवेदनशीलता के साथ लगायी जाये।    बैठक में नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों को सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था करने, प्याऊ संचालित कराने तथा साफ-सफाई बनाये रखने तथा तहसील स्तर पर आम जनमानस हेतु कूलरूम तैयार किये जाने के निर्देश दिये गये। विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जारी हेल्पलाइन नम्बरों पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाये तथा जल निगम को पर्याप्त जलापूर्ति बनाये रखने के निर्देश दिये गये।जिलाधिकारी ने श्रम विभाग एवं सम्बन्धित अधिकारियों को निर्माण स्थलों एवं खुले में कार्य करने वाले श्रमिकों के कार्य समय हेतु श्रम विभाग द्वारा एडवाइजरी जारी कर समय में परिवर्तन करते हुए दोपहर 12ः00 बजे से 03ः00 के मध्य किसी श्रमिक से कार्य न लिये जाने हेतु निर्देशित किया  तथा निर्माण स्थलों, ईट भट्ठों सहित अन्य स्थलों का निरीक्षण कर जारी एडवाइजरी का अनुपालन सुनिश्चित किया जाये। स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर विभिन्न स्थलों पर श्रमिकों हेतु स्वास्थ्य परीक्षण कैम्प लगाया जाये।  जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित करते हुए कहा गया कि सभी विद्यालयों को बन्द रखा जाये, किसी प्रकार का समर कैम्प आदि न संचालित किया जाये, यह भी सुनिश्चित करें। बैठक में यह भी निर्देशित किया  कि जनपद स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाये, जिसके अंतर्गत सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार कर आमजन को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने, अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती वस्त्र पहनने एवं लू से बचाव सम्बन्धी उपायों की जानकारी दी जाये।  जिलाधिकारी ने कम बारिश की स्थिति में पड़ने वाले सूखे से निपटने के लिये की गयी तैयारियों के सम्बन्ध में सम्बन्धित से जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि फसलों को बचाने हेतु उचित व्यवस्था, खराब नलकूपों व सूखे तालाबों को चिन्हित कर ससमय सही करा लिया जाये। सूखे की स्थिति में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ सभी को मिले यह सुनिश्चित किया ।जिलाधिकारी ने सम्भावित बाढ़ प्रबन्धन हेतु गोमती नदी में आने वाली बाढ़ से राहत व बचाव हेतु तैयार किये गये एक्शन प्लान की समीक्षा की । उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि राशन, जरूरत के सामान, दवाईयां, मूलभूत सुविधाएं, नाव, गोताखोर, बाढ़ चौकियां तहसीलवार, बाढ़ शरणालय, स्नेक वेनम, एनडीआरएफ, मेडिकल स्टाफ, पेयजल, खाद्य सामग्री आदि की पहले से तैयारियां कर ली जाय और दिये गये दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाये। उन्होंने निर्देशित किया कि सम्भावित भारी वर्षा के दौरान होने वाले जलभराव की स्थिति से निपटने के लिये नालों की सफाई, ड्रेनेज सिस्टम को साफ रखने की तैयारी पूर्व से करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि सम्भावित प्रभावित क्षेत्रों में समय से पहले हेल्पलाइन नम्बरों को जनसामान्य तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाये।  जिलाधिकारी  ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि हीट वेव, सूखा, बाढ़ से सम्बन्धित किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा विभागीय कार्ययोजना के अनुसार सतत निगरानी बनाये रखें। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी। बैठक में सभी सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

कोई टिप्पणी नहीं