ब्रेकिंग न्यूज

बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ शहर में किया पैदल गश्त


सुलतानपुर आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त किया।यह फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त शहर के शाहगंज चौकी से प्रारंभ होकर पंचरास्ता होते हुए घंटाघर तक निकाला गया।

इस दौरान अधिकारियों ने मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।गश्त के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घंटाघर, शास्त्रीनगर और पंचरास्ता क्षेत्र में तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने तथा प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।इस अवसर पर अधिकारियों ने शांति समिति (पीस कमेटी) के सदस्यों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से भी मुलाकात की। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सुलतानपुर हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल रहा है। सभी लोग आगामी त्योहार को प्रेम, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।पैदल गश्त के दौरान एसडीएम नगर, क्षेत्राधिकारी नगर सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं