अखंडनगर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, चार गिरफ्तार, दो घायल
सुल्तानपुर जनपद के थाना अखंडनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें से दो बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए। आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की दो बाइक, अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह ने बताया कि 25/26 मई की रात करीब 11 बजे थाना अखंडनगर पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध बदमाश नेमपुर घाट की ओर से बिना नंबर प्लेट की बाइक से क्षेत्र में घूम रहे हैं और उनके पास असलहे भी हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कुन्दाभैरोपुर के पास घेराबंदी की।पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें दो घायल हो गए।घायल बदमाशों की पहचान संगम पुत्र पप्पू उर्फ प्रमोद (24 वर्ष), निवासी नितमपट्टी, थाना सरपतहा, जनपद जौनपुर तथा हेमचंद्र उर्फ हेमू पुत्र हीरालाल, निवासी मुस्तफाबाद, थाना सरपतहा, जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार संगम पर चार और हेमचंद्र पर छह मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तार अन्य अभियुक्तों में राजू उर्फ राजू पुत्र राजाराम गौतम निवासी पलिया, जौनपुर तथा मुकेश पाल पुत्र रमेश पाल निवासी पलिया, जौनपुर शामिल हैं। इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक अपाचे और एक सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद की है, जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इसके अलावा दो तमंचे 315 बोर और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 22 मई और 24 मई को थाना अखंडनगर क्षेत्र में लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। बदमाश ई-रिक्शा बुक कर सुनसान स्थान पर ले जाते थे और चालक से नगदी व मोबाइल लूट लेते थे ताकि वह तुरंत किसी को सूचना न दे सके।घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था सामान्य है तथा सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं