ऑनलाइन सेक्सवर्धक दवा भेजने के नाम पर देशभर में साइबर ठगी,पूर्व कर्मचारी समेत चार गिरफ्तार
कंपनी छोड़ने के बाद बनाया ठगी का नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी संजय सरकार पहले नोएडा सेक्टर-62 स्थित एक ऑनलाइन दवा सप्लाई कंपनी में काम करता था। नौकरी छोड़ने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी का नेटवर्क तैयार किया। गिरोह ने हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश समेत दस राज्यों के लोगों को निशाना बनाया।
कंपनी के कर्मचारी से खरीददारों का डाटा लेता था आरोपी
जांच में पता चला कि कंपनी में कार्यरत मुन्ना कुमार शाह ऑनलाइन व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से सेक्सवर्धक दवा मंगाने वाले ग्राहकों का डाटा संजय सरकार को उपलब्ध कराता था। इसके बदले उसे प्रतिदिन 2500 रुपये दिए जाते थे। आरोपी हर रोज करीब चार हजार ग्राहकों की जानकारी हासिल करते थे।इसके बाद गिरोह के सदस्य ग्राहकों से संपर्क कर दवा भेजने का भरोसा देते थे और क्यूआर कोड भेजकर अपने बैंक खातों में पैसे जमा करा लेते थे। रकम मिलते ही संबंधित ग्राहक का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया जाता था।
दस राज्यों के 37 लोगों ने दर्ज कराई शिकायत
प्रतिबिंब पोर्टल पर अब तक दस राज्यों के 37 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह का पर्दाफाश किया। दवा की डिलीवरी नहीं मिलने पर कई ग्राहकों ने संबंधित कंपनी से संपर्क किया, जहां उन्हें पता चला कि कंपनी को कोई भुगतान प्राप्त नहीं हुआ था।
आरोपियों के पास से मोबाइल, सिम और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन, दस सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड, 20,210 रुपये नकद, एक बाइक और एक एयरटेल वाई-फाई डिवाइस बरामद किया है। पुलिस टीम अन्य सामान के साथ एक इलेक्ट्रिक इंडक्शन भी मौके से उठा लाई, हालांकि जांच में इसका ठगी से कोई संबंध सामने नहीं आया है।सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि गिरोह ने कुल कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है, इसकी जांच अभी जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं