सुल्तानपुर चलती बस बनी आग का गोला, ड्राइवर की सूझबूझ से बचीं दर्जनों जिंदगियां
सुल्तानपुर आज सोमवार सुबह के समय सुल्तानपुर से प्रयागराज जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एक अनुबंधित बस अचानक भीषण आग की चपेट में आ गई। हादसा दुर्गापुर कस्बे के पास हुआ, जहां चलते-चलते बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई और कुछ ही देर में पूरी बस आग का गोला बन गई।बताया जा रहा है कि बस संख्या UP44 BT 4036 यात्रियों को लेकर प्रयागराज की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस के इंजन हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें पूरी बस में फैल गईं।हादसे के समय बस यात्रियों से खचाखच भरी थी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक और परिचालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया। उनकी सूझबूझ और तत्परता के चलते दर्जनों यात्रियों की जान बच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई और धू-धू कर जलने लगी। दुर्गापुर चौराहे पर जलती बस को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस भयावह हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर दौड़ रहे सार्वजनिक वाहनों की तकनीकी जांच, फिटनेस और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि नियमित जांच और रखरखाव में लापरवाही ऐसे हादसों को न्योता दे रही है।
कोई टिप्पणी नहीं