ब्रेकिंग न्यूज

सुल्तानपुर में हिस्ट्रीशीटर युवक ने अवैध पिस्टल से खुद को मारी गोली, मौके पर मौत


सुल्तानपुर कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के पलहीपुर ग्राम सभा में बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक हिस्ट्रीशीटर युवक ने अवैध असलहे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान देवी प्रसाद यादव उर्फ राणा, उम्र 26 वर्ष, पुत्र राम अवतार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार देवी प्रसाद यादव पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रहा था।


आज सुबह वह अपने घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित बाग में गया और अवैध पिस्टल से सिर में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो युवक खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना पर तत्काल कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामंत ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना कोतवाली फोर्स और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि हिस्ट्रीशीटर देवी प्रसाद यादव ने अवसाद के चलते खुद को गोली मारी है। मौके से फील्ड यूनिट ने सभी साक्ष्य जुटा लिए हैं। मृतक के बाएं जेब से एक खाली मैगजीन बरामद हुई है। घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी शव के पास से बरामद कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है। मृतक देवी प्रसाद यादव उर्फ राणा कोतवाली नगर का हिस्ट्रीशीटर था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।


कोई टिप्पणी नहीं