ब्रेकिंग न्यूज

यूपी में मौसम का बदला मिजाज,15 मई तक येलो अलर्ट जारी


लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मई की तेज गर्मी के बीच अचानक हो रही बारिश और तेज आंधी ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी है।लेकिन मौसम का यह असामान्य बदलाव अब चिंता का कारण भी बनने लगा है। शनिवार 9 मई को भी प्रदेश के कई जिलों में दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। पहले आसमान में काले बादल छाए और फिर तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई।

तेज धूप और उमस के बाद हुई बारिश

सुबह के समय तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा था। ऐसा लग रहा था कि अब गर्मी अपने चरम पर पहुंचने वाली है, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ले ली। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ इलाकों में देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहाना हो गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी का असर

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम का यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही लगातार चल रही पुरवा हवाएं भी मौसम को प्रभावित कर रही हैं। विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में ऐसा ही मौसम बना रह सकता है

15 मई तक येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों विशेषकर लखनऊ और आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक 15 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है।

किसानों और आम जनजीवन पर असर

बारिश और तेज हवाओं का असर किसानों की फसलों पर भी पड़ सकता है। वहीं अचानक बदलते मौसम से जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। हालांकि गर्मी से मिली राहत ने लोगों को कुछ राहत जरूर पहुंचाई है, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए आने वाले दिनों में सतर्क रहने की जरूरत है।

कोई टिप्पणी नहीं