ब्रेकिंग न्यूज

राष्ट्रीय लोकदल संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान


सुलतानपुर राष्ट्रीय लोक दल के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को जनपद स्थित एक गेस्ट हाउस में जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बेलाल अहमद ने की तथा संचालन जिला प्रवक्ता अशोक शुक्ला एडवोकेट ने किया।बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल उपस्थित रहे।

उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी संगठन को गांव-गांव और शहर के प्रत्येक वार्ड तक मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से जनसंपर्क अभियान चलाना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक क्षेत्र में कम से कम 50 सक्रिय कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ा जाए, जिससे संगठन की पकड़ जमीनी स्तर पर और मजबूत हो सके। साथ ही किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए बंद पड़ी के.एम. शुगर मिल मसौधा हैदरगढ़ को पुनः चालू कराने की मांग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मिलकर मिल को चालू कराने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल के आगमन पर जिलाध्यक्ष बेलाल अहमद ने माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत किया।इस अवसर पर शाह आलम, रमेश मोदनवाल, विकास यादव, अंकित मिश्रा, रामलोट सरोज, राजकुमार त्रिपाठी, सिराज अहमद, डॉ. सोरस, धर्मेश चौरसिया, पुष्पलता मौर्या एडवोकेट सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं