फाइनेंस एजेंट से तमंचे के बल पर 30 हजार की लूट, एक हिरासत में
सुल्तानपुर जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के अमहट इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से तमंचे के बल पर लगभग 30 हजार रुपये लूट लिए गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में एक नामजद समेत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामन्त ने बताया कि 7 मई 2026 को सूचना मिली कि अमहट क्षेत्र में कुछ बदमाशों ने तमंचा दिखाकर एक व्यक्ति से नकदी छीन ली है। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस जांच में सामने आया कि भदोही निवासी रामकृष्ण विश्वकर्मा एक फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत हैं। वह बुधवार को अमहट क्षेत्र में ग्राहकों से किस्त का पैसा जमा करने गए थे। इसी दौरान प्रिंस राणा नामक युवक, जिसने कंपनी से लोन लिया था, उससे उनकी करीब 30 से 45 मिनट तक बहस हुई। आरोप है कि प्रिंस राणा ने किस्त का पैसा नहीं दिया और एजेंट के वहां से निकलने के बाद अपने साथियों को फोन कर सूचना दे दी।बताया गया कि जब रामकृष्ण विश्वकर्मा अमहट से करीब 400 मीटर दूर पहुंचे, तभी बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दिनभर का लगभग 30 हजार रुपये का कलेक्शन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने प्रिंस राणा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।घटना के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सर्विलांस और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का सफल अनावरण कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।पुलिस के अनुसार इलाके में शांति व्यवस्था सामान्य है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं