यूपी में 28 से 31 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट
लखनऊ नौतपा के दौरान भीषण गर्मी और तपिश से जूझ रहे उत्तर प्रदेशवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 28 से 31 मई के बीच प्री-मानसून बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के साथ बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नम हवाओं के कारण प्रदेश में व्यापक स्तर पर बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन रही है। इसके प्रभाव से तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।मौसम में इस बदलाव से प्रदेशवासियों को करीब एक सप्ताह तक लू और झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि, इसके बाद फिर से गर्मी और तपिश बढ़ने के संकेत हैं।मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को बुंदेलखंड और प्रयागराज समेत आसपास के इलाकों में अभी भी लू और भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।29 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज आंधी चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
इन जिलों में ज्यादा असर की संभावना
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा बिजली गिरने की आशंका के चलते खुले मैदानों में न जाने की सलाह दी है।

कोई टिप्पणी नहीं