ब्रेकिंग न्यूज

ईद-उल-अजहा का त्योहार शांति, सुरक्षा व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न


सुलतानपुर ईद-उल-अजहा पर्व के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में बुधवार को जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों, मस्जिदों एवं ईदगाहों पर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए।जनपद की सभी प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थलों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।पूर्व में किए गए संवाद को आगे बढ़ाते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा स्थानीय धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया। सभी से त्योहार को पारंपरिक उत्साह, शांति एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई।सोशल मीडिया एवं स्थानीय स्तर पर किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रही। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील इलाकों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की गई, जिससे प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखी जा सके।सुलतानपुर पुलिस ने जनपदवासियों को ईद-उल-अजहा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी शरारती तत्व के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे, जिससे त्योहार सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं