बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद, सीएम योगी ने तत्काल राहत के दिए निर्देश
लखनऊ प्रदेश में बीते सात दिनों से लगातार हो रही बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। खासकर किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। क्योंकि कई जिलों में खड़ी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी चिंता व्यक्त की है। मुख्यमत्री योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों का प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लें और नुकसान का जल्द से जल्द आकलन करें। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि किसानों को राहत देने में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।पीलीभीत और रामपुर जैसे जिलों में बारिश और ओलावृष्टि से व्यापक स्तर पर फसलें खराब हुई हैं। इन क्षेत्रों के किसानों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को सक्रिय कर दिया गया है।एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम योगी ने कहा कि ऐसी विपरीत परिस्थितियों में किसानों का चिंतित होना स्वाभाविक है, और राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने राजस्व विभाग को निर्देश दिया कि राज्य आपदा राहत कोष से सभी जिलों को तत्काल पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जाए।इसके साथ ही जिला मजिस्ट्रेटों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित किसानों को सहायता शीघ्र और पारदर्शी तरीके से मिले। जहां आवश्यकता हो, वहां राहत शिविर स्थापित किए जाएं और मंडी समितियां भी किसानों को हर संभव सहयोग प्रदान करें।सरकार की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि बारिश से प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिलेगी और उनकी परेशानियों को कम किया जा सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं