अखिलेश यादव बोले-"स्मार्ट मीटर नहीं, ये पीड़ित मीटर है
सुल्तानपुर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को सुल्तानपुर में सपा नेता मोहम्मद रिजवान पप्पू के यहां आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। आप सांसद संजय सिंह भी स्वागत करने वालों में शामिल थे।मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने बिजली के स्मार्ट मीटरों को लेकर सरकार पर बड़ा निशाना साधा। उन्होंने कहा, "ये स्मार्ट मीटर नहीं, बल्कि 'प्री-पीड़ा' देने वाले 'पीड़ित मीटर' हैं। मीटर इतनी तेजी से भाग रहे हैं कि जनता का बिजली बिल आसमान छू रहा है। यही मुख्यमंत्री जी की स्मार्टनेस है।
इससे पहले सड़क मार्ग से अखिलेश यादव बंधुआकला के मझना गांव पहुंचे। यहां शहीद अखिलेश शुक्ला के परिजनों से मिलकर उन्होंने शोक संवेदना प्रकट किया। शहीद के पिता राधे कृष्ण शुक्ला ने जीविकोपार्जन के लिए पेट्रोल पंप दिलाने की मांग उठाई जिस पर उन्होंने प्रयास कर पेट्रोल पंप दिलाने की बात कही। यहां उनके साथ इसौली विधायक मो. ताहिर खान मौजूद रहे।वही मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपा के पास अपना कोई समाजवादी चेहरा नहीं था, इसलिए उन्होंने जयप्रकाश नारायण और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जैसे महापुरुषों का सहारा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बाबा साहब के दिखाए रास्ते पर नहीं चलती, बल्कि केवल प्रतीकों की राजनीति करती है।उन्होंने महिला आरक्षण के कार्यान्वयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार बताए कि महिलाएं कहाँ से चुनाव लड़ेंगी। साथ ही, उन्होंने आरक्षण की प्रक्रिया में बड़ी धांधली होने का आरोप भी लगाया। अखिलेश ने अयोध्या में भाजपा की हार का जिक्र करते हुए कहा कि जब सपा और बसपा एकजुट हुए, तो भाजपा को वहां करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।उन्होंने जानकारी दी कि उन्होंने भगवान शिव का 'केदारेश्वर मंदिर' बनवाया है, जिसके दर्शन के लिए वे विपक्षी नेताओं सहित सभी को आमंत्रित करेंगे।यहां पर सपा जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक संतोष पांडेय, पूर्व विधायक व प्रवक्ता अनूप संडा, विधायक ताहिर खान, पूर्व विधायक भगेलू राम, पूर्व विधायक अरुण वर्मा, महासचिव सलाउद्दीन आदि मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं