ब्रेकिंग न्यूज

भीषण आंधी का कहर: बिजली के खंभे के नीचे दबकर युवक की दर्दनाक मौत, गांव में शोक


सुल्तानपुर जिले में आई भीषण आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कुड़वार थाना क्षेत्र के शिव बंश दूबे का पुरवा गांव में बिजली के खंभे के नीचे दबने से 22 वर्षीय युवक महेंद्र तिवारी (पुत्र शिवशंकर तिवारी) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई, जिससे चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसी दौरान महेंद्र तिवारी बिजली के खंभे की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुड़वार लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी, राजस्व निरीक्षक शिवप्रसाद, लेखपाल राजेश श्रीवास्तव तथा कुड़वार पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

दूसरी घटना तेज आंधी और बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय महिला की जान चली गई। घटना  जिले के अलीगंज बाजार स्थित दाऊदपुर हनुमानगढ़ी मंदिर के पास बुधवार लगभग 3:30 बजे हुई।मिली जानकारी के अनुसार दाऊदपुर निवासी सुषमा गुप्ता (32) पत्नी अरविंद गुप्ता अचानक आई तेज आंधी और बारिश से बचने के लिए सड़क किनारे एक जामुन के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान तेज हवाओं के चलते पेड़ की भारी डाल अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल महिला को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।महिला की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों का कहना है कि मौसम के अचानक बदले मिजाज ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे जर्जर और खतरनाक पेड़ों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके। वहीं सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं