अयोध्या मंडलायुक्त का सुलतानपुर दौरा: ग्राम चौपाल से लेकर निर्माण कार्यों तक गहन समीक्षा
सुल्तानपुर अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त राजेश कुमार के जिले दौरे के दौरान विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और निर्माण परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा की गई। उनके आगमन पर निरीक्षण भवन, लोक निर्माण विभाग में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा जिलाधिकारी कुमार हर्ष, पुलिस अधीक्षक चारू निगम और मुख्य विकास अधिकारी ने उनका स्वागत किया।मंडलायुक्त की अध्यक्षता में विकास खंड जयसिंहपुर के ग्राम पंचायत मिश्रौली में ‘ग्राम चौपाल’ का आयोजन किया गया।
इसमें विभिन्न विभागों—बेसिक शिक्षा, पशुपालन, कृषि, ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायती राज और खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया।बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर गोद भराई कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। इस दौरान ग्रामवासियों को किसान सम्मान निधि, टीकाकरण, पेंशन और अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई।
मंडलायुक्त ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए एक माह के भीतर सभी घरों में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।चौपाल में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौके पर ही अधिकतम समस्याओं का निस्तारण किया जाए तथा शेष मामलों को एक सप्ताह के भीतर हल कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक समय पर पहुँचना चाहिए।जयसिंहपुर में बन रहे उपनिबंधक कार्यालय का निरीक्षण करते हुए मंडलायुक्त ने कार्य की प्रगति 85% पाई। हालांकि खिड़की और दरवाजों की खराब फिनिशिंग पर नाराजगी जताते हुए संबंधित संस्था को कड़ी फटकार लगाई और पुनः कार्य कराने के निर्देश दिए।इस परियोजना की लागत लगभग 228.91 लाख रुपये है और इसमें मुख्य भवन, टॉयलेट ब्लॉक, कैंटीन, पंप हाउस व बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है।थाना गोसाईगंज परिसर में बन रहे टाइप-बी के 26 आवासीय भवनों का भी निरीक्षण किया गया। लगभग 819.89 लाख रुपये की इस परियोजना में अब तक 36% कार्य पूर्ण हुआ है।मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने लंबित राजस्व मामलों, वसूली की स्थिति और तहसीलवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के अंत में मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत परिसर में पौधरोपण किया गया। जिलाधिकारी ने मंडलायुक्त का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।




कोई टिप्पणी नहीं