ब्रेकिंग न्यूज

यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन बदलाव पर दिल्ली में मंथन तेज, जल्द हो सकता है बड़ा फैसला


लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़े बदलाव की आहट तेज हो गई है। प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार और भाजपा संगठन में नई नियुक्तियों को लेकर अब लखनऊ के बाद दिल्ली में मंथन का दौर शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के बीच इस मुद्दे पर लंबी और अहम बैठक हुई।बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष के साथ विस्तार से चर्चा की। बंद कमरे में हुई इस बैठक के बाद संकेत मिल रहे हैं कि मंत्रिमंडल और संगठन दोनों स्तरों पर बदलाव का खाका लगभग तैयार हो चुका है।सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मसले पर अंतिम निर्णय इसी सप्ताह लिया जा सकता है। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह की शुरुआत रविवार या सोमवार को उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है। इसके तुरंत बाद भाजपा संगठन में नए पदाधिकारियों की सूची भी जारी होने की संभावना है।इससे पहले संगठन चुनाव के प्रेक्षक विनोद तावड़े ने हाल ही में लखनऊ में दो दिन का प्रवास किया था। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर मंत्रिमंडल विस्तार, संगठन में बदलाव और निगम-बोर्डों में नियुक्तियों को लेकर फीडबैक लिया था। तावड़े अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंप चुके हैं।बताया जा रहा है कि अंतिम निर्णय से पहले शुक्रवार या शनिवार को सभी प्रमुख नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। इसी बैठक के बाद मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक फेरबदल पर अंतिम मुहर लग सकती है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बदलाव के जरिए भाजपा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं