ब्रेकिंग न्यूज

संपत्ति के लालच में दामाद ने की ससुर की हत्या,दो माह बाद गिरफ्तार


सुल्तानपुर   जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र के कमालपुर मीरापुर गांव में फरवरी माह में हुए बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक के ही दामाद को आरोपी पाया गया है।घटना 13 और 14 फरवरी की दरम्यानी रात की है। 60 वर्षीय रामतेज कोरी अपने घर में सो रहे थे, तभी किसी अज्ञात हमलावर ने उन पर अचानक हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कुड़वार थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने कई अहम सुराग जुटाए। थाना प्रभारी तरुण पटेल के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के आधार पर मामले की परतें खोलनी शुरू कीं। प्रारंभिक तौर पर इसे बाहरी व्यक्ति द्वारा की गई वारदात माना जा रहा था, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, शक घर के भीतर के लोगों पर गया।पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक के दामाद मोती लाल कोरी ने ही की थी। आरोपी ने संपत्ति के लालच में इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि मोती लाल कोरी ने पहले से योजना बनाकर अपने ससुर पर ईंट और कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं, इस खुलासे के बाद स्थानीय लोगों में राहत की भावना है, लेकिन घटना ने पारिवारिक संबंधों में बढ़ती लालच और अपराध की प्रवृत्ति पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं