नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रचार के लिए यूपी में विशेष अभियान
लखनऊ उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 16 से 18 अप्रैल 2026 तक आयोजित विशेष संसद सत्र के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि यह अधिनियम समता, समानता और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इसी उद्देश्य से 10 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक पूरे उत्तर प्रदेश में जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।इस अभियान के तहत संस्कृति विभाग द्वारा कला और नवाचार आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सैंड आर्ट, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, लोकगीत और अन्य स्थानीय कला विधाओं के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाई जाएगी।मंत्री ने जानकारी दी कि विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय को नारी शक्ति वंदन विषय पर हस्ताक्षर अभियान और नारी स्वावलंबन पर फिल्म निर्माण का दायित्व दिया गया है। वहीं राज्य ललितकला अकादमी उत्तर प्रदेश महिला कलाकारों के साथ मिलकर सैंड आर्ट और चित्रकला कार्यशालाएं आयोजित करेगी।इसी क्रम में भारतेन्दु नाटक अकादमी द्वारा नारी सशक्तिकरण विषय पर नुक्कड़ नाटक और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जबकि उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी संगीत के विभिन्न रूपों के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी।इसके अलावा उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान लोक संगीत आधारित कार्यक्रम आयोजित करेगा। वहीं अंतर्राष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान रामायण के महिला पात्रों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और डिजिटल कंटेंट (रील्स) तैयार करेगा।मंत्री ने बताया कि इस अभियान के सफल संचालन के लिए संस्कृति निदेशक विशाल सिंह की ओर से आवश्यक शासनादेश जारी कर दिए गए हैं और सभी संबंधित संस्थाओं को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं