ब्रेकिंग न्यूज

लखनऊ के विकासनगर सेक्टर-12 में भीषण आग: 1000 झोपड़ियां खाक


लखनऊ विकासनगर सेक्टर-12 स्थित रिंग रोड किनारे बनी अवैध बस्ती में बुधवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 1000 झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। बस्ती में रखे लगभग 100 गैस सिलिंडरों के फटने से हालात और भयावह हो गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

आग लगते ही मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 5 बजे एक  झोपड़ी में अचानक आग लगी। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवा और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते पूरा इलाका आग की लपटों में घिर गया और लोगों में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए लोग अपने घर छोड़कर भागने लगे।

दमकल की 22 गाड़ियों ने पाया काबू

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। कुल 22 दमकल गाड़ियों ने मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया जो रात 10 बजे तक चलता रहा। आग इतनी भयानक थी कि उसकी लपटें और धुएं का गुबार लगभग 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।

सिलिंडर धमाकों से दहला इलाका

झोपड़ियों में रखे गैस सिलिंडर एक के बाद एक फटने लगे, जिससे जोरदार धमाके हुए। इन धमाकों से आसपास के लोग दहशत में आ गए और स्थिति और भी भयावह हो गई।

मवेशियों के जलने और बच्चों के लापता होने की आशंका

आग में कई मवेशियों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं कुछ बच्चों के लापता होने की भी खबर है। पुलिस और प्रशासन बस्ती में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

प्लॉट मालिक पर आगजनी का आरोप

आग से प्रभावित लोगों ने प्लॉट मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से झोपड़ियां हटाने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि विरोध करने पर उसने ही आग लगवाई। गुस्साए लोगों ने प्लॉट मालिक के घर का घेराव कर हंगामा किया और पथराव भी किया, जिसे पुलिस ने बलपूर्वक नियंत्रित किया।

प्रशासन अलर्ट, जांच जारी

पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। सांसद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जिलाधिकारी से बातकर घटना की जानकारी ली,दिशा निर्देश दिए । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए पीड़ितों का समुचित ध्यान दिया जाए । उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की और अधिकारियों से वार्ता की  CP  और DM  ने हालात का जायज़ा लिया ।

कोई टिप्पणी नहीं