ब्रेकिंग न्यूज

पुलिस मुठभेड़: गौकशी के आरोपी के दो साथी गिरफ्तार, एक घायल


सुल्तानपुर जनपद के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें गौकशी के एक आरोपी के दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।अपर पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 मार्च और 1 अप्रैल की रात थाना गोसाईगंज पुलिस को सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी शुरू कर दी।इटकौली जंगल के पास पुलिस ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे। जब पुलिस ने घेराबंदी तेज की, तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी अफरोज (28) के पैर में गोली लग गई।घायल अफरोज निवासी सिरवारा शरीकपुर थाना गोसाईगंज के साथ पुलिस ने उसके दो साथियों—मो. गुलफाम उर्फ इमरान और आजाद (52)—को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। ये सभी गोसाईगंज थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल अफरोज को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क कर दी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं