सड़क हादसे के बाद बड़ा खुलासा: 6.5 किलो गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
सुल्तानपुर थाना कोतवाली लम्भुआ पुलिस ने एक सड़क दुर्घटना की सूचना पर पहुंचकर बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत की गई।पुलिस के अनुसार, वंदना ढाबा के पास वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि वाराणसी से सुलतानपुर की ओर जा रही SUV (UP 32 EZ 9200) डिवाइडर तोड़कर विपरीत दिशा में चली गई और सामने से आ रही इनोवा (UP 65 DS 7004) से टकरा गई। हादसे में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कई लोग घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ भेजा गया। पुलिस ने मौके पर जांच के दौरान SUV के पास एक पीले रंग का बंडल और वाहन के अंदर एक हरे रंग की बोरी देखी, जिससे गांजे की तेज गंध आ रही थी। क्षेत्राधिकारी की अनुमति के बाद तलाशी लेने पर कुल 6.5 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ।पुलिस टीम ने सीएचसी लम्भुआ पहुंचकर घायलों से पूछताछ की, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद त्रिनेत्र और यक्ष ऐप के माध्यम से उनकी पहचान की गई। जांच में एक आरोपी का आपराधिक इतिहास लखनऊ के तालकटोरा थाने से जुड़ा मिला।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हर्ष यादव (22 वर्ष) और अभिषेक अग्निहोत्री (20 वर्ष), निवासी राजाजीपुरम, लखनऊ के रूप में हुई। पूछताछ में हर्ष उर्फ ईशू ने बताया कि वे इस वाहन का उपयोग आपराधिक गतिविधियों और गांजा तस्करी में करते थे, और यह वाहन पहले भी दो बार तालकटोरा थाने में बंद हो चुका है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को 11 अप्रैल 2026 को दोपहर 1:29 बजे हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया। साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
कोई टिप्पणी नहीं