ब्रेकिंग न्यूज

आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट, 2 मई तक अलर्ट जारी


लखनऊ यूपी में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम ने अचानक करवट ली है। बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से काफी राहत मिली। बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।मौसम विभाग के अनुसार आज 30 अप्रैल को भी पूरे प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रहेगा। पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कई इलाकों में मेघ गर्जन के साथ बिजली गिरने (वज्रपात) की चेतावनी भी जारी की गई है।पश्चिमी यूपी में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि पूर्वी यूपी में इनकी गति 40–60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। तेज हवाओं के साथ बारिश से मौसम सुहावना बना रहेगा, लेकिन सतर्कता बरतने की जरूरत है।लखनऊ में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो पिछले दिनों की तुलना में 7–8 डिग्री कम है।नोएडा और गाज़ियाबाद में आज धूप निकलने की संभावना है, जिससे दिन के समय गर्मी थोड़ी परेशान कर सकती है।आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, कानपुर, उन्नाव, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, संत रविदास नगर, मीरजापुर और सोनभद्र में मेघ गर्जन के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।सहारनपुर, संभल, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, लखनऊ, हरदोई, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बस्ती, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया और गोरखपुर समेत आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 मई तक प्रदेश में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, खासकर बिजली गिरने और तेज हवाओं से बचाव करें।

कोई टिप्पणी नहीं