UP - होली पर सभी अस्पताल अलर्ट मोड पर
लखनऊ होली के लिए अस्पताल अलर्ट हो गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में बेड आरक्षित किए गए हैं। इमरजेंसी में दवाओं की उपलब्धता के साथ ही डॉक्टरों की ड्यूटी भी तय की गई है।बलरामपुर अस्पताल में 50 बेड आरक्षित हैं। सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि पर्याप्त दवाओं का इंतजाम भी किया गया है। इमरजेंसी में मरीजों की पैथोलॉजी व रेडियोलॉजी जांच की सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। लोकबंधु अस्पताल में 20 बेड आरक्षित किए गए हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि रोस्टर के हिसाब से डॉक्टरों की इमरजेंसी ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें त्वचा, हड्डी, जनरल सर्जरी और मेडिसिन के डॉक्टरों की ऑन काॅल ड्यूटी लगाई गई है।होली के दौरान 108 व 102 एंबुलेंस सेवाएं 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहेंगी। एंबुलेंस का संचालन करने वाली ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के प्रेसिडेंट ने बताया कि होली के दिन 108 एंबुलेंस चिह्नित स्थानों, दुर्घटना बहुल क्षेत्रों व थानों के पास मौजूद रहेगी। गर्भवती महिलाओं व दो साल तक बच्चों को भी सेवाएं दी जाएंगी। प्रदेश में 108 सेवा की 2,200 और 102 सेवा की कुल 2,270 एंबुलेंस 24 घंटे संचालित हैं।राजधानी के सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को ओपीडी दोपहर 12 बजे (हाफ डे) तक रहेगी, जबकि बुधवार को पूरी तरह से बंद रहेगी। सिर्फ इमरजेंसी में मरीजों को इलाज मिलेगा। वहीं, केजीएमयू में सामान्य दिनों की तरह ओपीडी चलेगी। लोहिया व पीजीआई में नए पंजीकरण नहीं होंगे। पहले से जिन मरीजों के ऑपरेशन व जांच की तारीख मिली है, उन्हें इलाज मुहैया कराया जाएगा।केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि मरीजों के हितों को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को ओपीडी का संचालन सामान्य दिनों की तरह होगा। ऑपरेशन के साथ पैथोलॉजी व रेडियोलॉजी की जांच भी होगी। मेडिकल की कक्षाएं बंद रहेंगी। बुधवार को अवकाश रहेगा। लोहिया संस्थान व पीजीआई में मंगलवार को पुराने मरीजों को ओपीडी में देखा जाएगा। पहले से तय ऑपरेशन व जांच भी होंगे। नए मरीज का पंजीकरण नहीं होगा। लोहिया के प्रवक्ता ने बताया कि इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे संचालित होंगी। इसमें किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। बलरामपुर, सिविल, लोकबंधु, राम सागर मिश्र, लोकबंधु, डफरिन, झलकारी बाई समेत दूसरे सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को हाफ डे ओपीडी होगी। अस्पतालों में बुधवार को अवकाश रहेगा, लेकिन इमरजेंसी सेवाओं का संचालन होगा।

कोई टिप्पणी नहीं