ब्रेकिंग न्यूज

LPG सिलिंडर बुकिंग के लिए नया नियम लागू


LPG सिलिंडरों की किल्लत के बीच भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने उपभोक्ताओं के लिए नई बुकिंग प्रक्रिया लागू कर दी है। अब वे उपभोक्ता, जो एक वित्त वर्ष में निर्धारित 12 सिलिंडर रिफिल करा चुके हैं।उन्हें अतिरिक्त सिलिंडर बुक कराने से पहले “हेलो बीपीसीएल” मोबाइल एप पर जाकर अपनी आवश्यकता का विवरण देना होगा।नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं से परिवार के सदस्यों की संख्या, संभावित मेहमानों का आगमन, घर में विवाह, भंडारा या अन्य आयोजनों से संबंधित जानकारी मांगी जा रही है। इन सवालों के जवाब देने के बाद ही अतिरिक्त सिलिंडर की बुकिंग स्वीकृत की जाएगी।यह नियम रविवार से अचानक लागू कर दिया गया, जिससे उपभोक्ताओं और गैस एजेंसी संचालकों में भ्रम की स्थिति बन गई। सुबह से ही मोबाइल और फोन के माध्यम से बुकिंग का प्रयास कर रहे कई उपभोक्ता असफल रहे, जिसके बाद वे गैस एजेंसियों पर पहुंच गए। हालांकि, एजेंसी कर्मचारियों को भी इस नई प्रक्रिया की पूर्व जानकारी नहीं थी। बाद में संचालकों ने कंपनी अधिकारियों से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट की।ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव के अनुसार, एक वित्त वर्ष में 12 सिलिंडर का कोटा पहले से निर्धारित है और बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपना कोटा पूरा कर चुके हैं। ऐसे में कंपनी ने अतिरिक्त मांग को नियंत्रित करने और जरूरतमंद उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से यह नई व्यवस्था लागू की है।नई प्रक्रिया से जहां एक ओर वास्तविक जरूरत वाले उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं डिजिटल माध्यम की अनिवार्यता और अचानक बदलाव के कारण आम उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनी को इस प्रणाली को लागू करने से पहले व्यापक सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए थी।फिलहाल, उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सिलिंडर बुक कराने के लिए मोबाइल एप का सहारा लेना अनिवार्य हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में इसकी प्रभावशीलता और व्यवहारिकता पर नजर रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं