सुल्तानपुर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत विशाल जागरूकता रैली का आयोजन, S P ने दिखाई हरी झंडी
सुल्तानपुर जिले में महिला सशक्तिकरण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत बुधवार को एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस विशाल रैली को पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने पुलिस कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।यह रैली चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों से जुड़े महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों के प्रति आमजन को जागरूक करना था। रैली के माध्यम से जनसंख्या अनुपात, जन्म एवं मृत्यु दर, लिंगानुपात, स्कूल ड्रॉपआउट, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, संस्थागत प्रसव, साक्षरता दर तथा महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाली हिंसा जैसे गंभीर विषयों को समाज के सामने रखा गया। उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आयोजित इस अभियान में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर विशेष जोर दिया गया। “मिशन शक्ति 5.0” के तहत यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।इस अवसर पर महिला पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्य विभाग की टीम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर एक संयुक्त रैली के रूप में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान अखण्डप्रताप सिंह (अपर पुलिस अधीक्षक), यातायात प्रभारी एवं महिला मिशन शक्ति प्रभारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।इस सामूहिक प्रयास ने प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और महिला कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण प्रस्तुत किया। रैली के जरिए यह संदेश दिया गया कि समाज के हर वर्ग की सहभागिता से ही महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दों का समाधान संभव है।
कोई टिप्पणी नहीं