पंचायत चुनाव 12 जुलाई तक कराने की तैयारी तेज, OBC आरक्षण पर भी जल्द फैसला
लखनऊ उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर स्थिति अब काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मंगलवार को कहा कि राज्य में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत (BDC) और जिला पंचायत के चुनाव 12 जुलाई 2026 तक हर हाल में संपन्न करा लिए जाएंगे। इसके लिए अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता है कि पंचायतों के सभी स्तरों पर चुनाव समय पर कराए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी पंचायत का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उसे अनावश्यक रूप से आगे नहीं बढ़ाया जाएगा, क्योंकि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ होगा।दरअसल पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल अलग-अलग समय पर समाप्त हो रहा है। ग्राम प्रधानों का कार्यकाल मई 2026 के अंत तक खत्म हो जाएगा, जबकि जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल जुलाई 2026 के मध्य तक समाप्त होगा। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया को जुलाई तक पूरा करना जरूरी माना जा रहा है।चुनाव से पहले अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) आरक्षण को लेकर भी सरकार ने प्रक्रिया तेज कर दी है। मंत्री के अनुसार, आरक्षण तय करने के लिए जल्द ही एक आयोग का गठन किया जाएगा, जो निर्धारित मानकों के आधार पर अपनी रिपोर्ट देगा। इसी रिपोर्ट के आधार पर चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।इधर, राज्य निर्वाचन आयोग और पंचायती राज विभाग ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाता सूची के पुनरीक्षण, बूथ निर्धारण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर जिला स्तर पर काम शुरू हो चुका है।सरकार का कहना है कि समय पर पंचायत चुनाव कराना लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूत करने के लिए बेहद आवश्यक है, और इसमें किसी भी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं