सुल्तानपुर एसपी ने बंधुआकला थाने का किया औचक निरीक्षण
सुलतानपुर पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने थाना बन्धुआकला का औचक निरीक्षण कर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क,कार्यालय अभिलेख,हवालात,रिसेप्शन रूम,पुलिस मैस व थाना परिसर का बारीकी से जायजा लिया।
एसपी ने महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचकर पीड़िताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और फीडबैक व्यवस्था की समीक्षा की।मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को जागरूक करने और उनकी शिकायतों पर निष्पक्ष व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।टॉप 10 अपराधियों व हिस्ट्रीशीटर्स की निगरानी की स्थिति की समीक्षा करते हुए एसपी ने शराब,खनन व भू-माफियाओं के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।अपराध रजिस्टर व त्योहार रजिस्टर का अवलोकन कर आवश्यक सुधार करने को कहा।थाना परिसर में खड़े लावारिस वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।पुलिस मैस में भोजन की गुणवत्ता व साफ-सफाई की जांच कर थाना प्रभारी व स्टाफ का कुशलक्षेम भी जाना। साथ ही आगंतुकों के लिए स्वच्छ वातावरण,पेयजल व प्रसाधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परिसर में वृक्षारोपण व स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश क्षेत्राधिकारी सौरभ सामंत व थाना प्रभारी प्रमोद कुमार को दिए गए।


कोई टिप्पणी नहीं