जनता दर्शन में सीएम योगी का संवेदनशील चेहरा, बालिका अनाबी अली की पढ़ाई का सपना हुआ साकार
लखनऊ लोक-कल्याण के साधक और सुशासन के प्रतीक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सोमवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक जनसमस्या का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक-एक कर सभी की बातों को गंभीरता से सुना और मौके पर ही कई मामलों में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसी दौरान जनता दर्शन में एक भावुक कर देने वाला दृश्य भी देखने को मिला, जब बालिका अनाबी अली मुख्यमंत्री योगी से मिलने पहुंची। अनाबी एक कान्वेंट स्कूल में दाखिला लेने की इच्छा लेकर आई थीं। मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान उसने अपनी बात बेहद मासूमियत और आत्मविश्वास के साथ रखी, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।बालिका की बातों को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अनाबी अली का लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए। मुख्यमंत्री की इस संवेदनशील और मानवीय पहल की वहां मौजूद लोगों ने सराहना की।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद अनाबी अली ने खुशी जाहिर करते हुए कहा,“मैं सीएम से मिली। उनसे लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल में मेरा एडमिशन करवाने की रिक्वेस्ट की थी। उन्होंने मेरी बात सुनी और तुरंत मदद की।”जनता दर्शन कार्यक्रम एक बार फिर इस बात का प्रमाण बना कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ न केवल प्रशासनिक दक्षता के लिए जाने जाते हैं, बल्कि आमजन—विशेषकर बच्चों और कमजोर वर्गों—की समस्याओं के प्रति भी बेहद संवेदनशील हैं। उनकी यह पहल प्रदेश में शिक्षा और सामाजिक न्याय के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।


कोई टिप्पणी नहीं