6650 करोड़ रुपये की परियोजनाएं ला रहे CM योगी,20 हजार से ज्यादा युवाओं को मिलेगा रोजगार
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सिंगापुर यात्रा के पहले दिन यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने राज्य में कुल 6,650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए तीन महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। मुख्यमंत्री योऊ 23-24 फरवरी तक सिंगापुर की यात्रा पर हैं।राज्य सरकार द्वारा लखनऊ में जारी बयान के मुताबिक ये निवेश ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में होंगे।
इन परियोजनाओं से रोजगार के 20 हजार से अधिक अवसर उत्पन्न होंगे बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी ने निवेशकों को यूपी की नीतिगत स्थिरता, बेहतर संपर्क और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक ढांचे से अवगत कराया। साथ ही समूह को डेटा सेंटर स्थापना के लिए लखनऊ आने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी सरकार निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों के अनुसार सिंगापुर यात्रा के पहले दिन हुए ये तीन एमओयू प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, शहरी विकास को नई दिशा देने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माने जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि पहली परियोजना के तहत यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में जेवर हवाई अड्डे के करीब 100 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की टाउनशिप विकसित की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक इस परियोजना में 3500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसके धरातल पर उतरने के साथ ही लगभग 12000 लोगों को रोजगार मिलेगा।उन्होंने बताया कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्र को नई पहचान देने जा रही इस परियोजना को 2027 में शुरू किए जाने की योजना है। बयान के मुताबिक दूसरी परियोजना कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर 50 एकड़ भूमि में लॉजिस्टिक्स पार्क के विकास से संबंधित है। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना में 650 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और लगभग 7500 रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इसको भी 2027 में शुरू किए जाने की योजना है और यह लॉजिस्टिक्स पार्क प्रदेश की औद्योगिक तथा निर्यात गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं